पंजाब से घर लौटे मजदूर की तालाब में डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब से घर लौटे मजदूर की तालाब में डूबने से मौत


दरभंगा, 16 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिंहवाड़ा के वार्ड संख्या-8 स्थित जलेबिया मोड़ के समीप पदमौल तालाब में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक 55 वर्षीय छोटू कहार है।

जानकारी के अनुसार छोटू कहार पंजाब में धान रोपाई का कार्य करते थे। वह बुधवार की सुबह ही पंजाब से अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह स्नान करने के लिए पदमौल तालाब गए। स्नान के दौरान गहरे पानी में पैर फिसल जाने से वह डूब गए।

कुछ देर बाद तालाब में एक महिला की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया।

वार्ड पार्षद देवनाथ चौपाल ने बताया कि छोटू कहार वर्षों से मजदूरी कर अपने परिवार काम भरण-पोषण करते थे। पंजाब से घर लौटने के कुछ ही घंटे बाद हुई इस दुखद घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन में कोहराम मच गया। पत्नी फूलो देवी, बेटी पूजा और ज्योति तथा पुत्र मिथुन और धर्मेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक के एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी के विवाह की तैयारी चल रही थी। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story