डंडा-झाड़ू लेकर शराब के खिलाफ उतरीं रामनगर के बड़गो गांव की महिलाएं

WhatsApp Channel Join Now
डंडा-झाड़ू लेकर शराब के खिलाफ उतरीं रामनगर के बड़गो गांव की महिलाएं


पश्चिम चंपारण(बगहा),22सितम्बर(हि.स. )। शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाने के बीच रामनगर के बड़गो गांव की महिलाओं ने अब खुद मोर्चा संभाल लिया है।

शाम ढलते ही हाथों में डंडा, झाड़ू और अन्य सामान लेकर महिलाओं की टोली गांव में निकल पड़ती है। शराब पीते या पिलाते कोई दिख जाय तो तत्काल विरोध किया जाता है। महिलाओं की इस पहल से गांव में चोरी-छिपे चल रही शराब बिक्री पर काफी हद तक रोक लगी है।

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने पहले भी कई बार शराब कारोबारियों पर कार्रवाई की, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद कथित रूप से फिर वही धंधा शुरू हो जाता था। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब परिवारों पर पड़ता था। शराब के कारण घरों में विवाद और आर्थिक परेशानी बढ़ रही थी।

अब सूरजपति, रानी, प्रतिमा, संजू, रीमा, रजनी, नीतू, शारदा, पूनम, मीरा, अनीता, सुशीला, शांति देवी, इंदिरा देवी, द्रौपदी देवी, सुनीता देवी समेत दर्जनों महिलाएं रोज शाम गांव की निगरानी कर रही हैं।

नारी विकास शक्ति जीविका समूह की अध्यक्ष फूलकली देवी ने कहा कि गांव का माहौल और परिवारों का भविष्य बचाने के लिए महिलाओं ने यह जिम्मेदारी उठाई है। पहले शराब के लिए आने वाले बाहरी लोगों का विरोध किया गया और अब गांव में शराब की बिक्री रोकने पर निगरानी रखी जा रही है।

बड़गो की महिलाओं की एकजुटता ने यह संदेश दिया है कि सामाजिक बुराई के खिलाफ सामूहिक संकल्प बदलाव की मजबूत शुरुआत बन सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story