विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी: छह माह के बच्चे की मां ने रास्ते में तोड़ा दम
सुपौल, 15 जून (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परसागढ़ी दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-8 में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान मो. नौशाद की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह छह माह के एक मासूम बच्चे की मां थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रियंका ने करीब तीन वर्ष पहले गांव के ही शादीशुदा युवक मो. नौशाद से प्रेम विवाह किया था। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन पहले किसी पारिवारिक विवाद के बाद उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी।
परिजनों के मुताबिक शनिवार से उसकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। गंभीर स्थिति में उसे अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान टीबी (क्षय रोग) की आशंका जताते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
रविवार को परिजन उसे इलाज के लिए बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जदिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकिशोर मंडल ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

