प्रसव के बाद महिला व नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
प्रसव के बाद महिला व नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


प्रसव के बाद महिला व नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


सुपौल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान परसा बिरवन वार्ड संख्या-14 निवासी ममता कुमारी (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन ममता कुमारी को प्रतापगंज सीएचसी लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से ममता कुमारी की स्थिति बिगड़ती चली गई। इसी दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी जन्म के कुछ ही देर बाद मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद प्रसूता की हालत भी लगातार खराब होती गई।

परिजनों का आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद डॉक्टरों ने समय पर समुचित इलाज नहीं किया और बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

हालांकि सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रतापगंज सीएचसी के चिकित्सक डॉ. साजिद ने बताया कि महिला ने मृत शिशु को जन्म दिया था। इसके बाद उसे संक्रमण हो गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया था।

इस घटना के बाद परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है और वे मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story