विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत, ढाई घंटे देरी से पहुंची पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत, ढाई घंटे देरी से पहुंची पुलिस


भागलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)।

भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां रेलवे फाटक पार करने के दौरान एक महिला डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आ गई।

तेज रफ्तार ट्रेन की सीधी टक्कर लगने से महिला पटरी से दूर रेलवे फाटक के पास जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सुबह से हो रही तेज बारिश के बीच मृतका का शव कई घंटों तक घटनास्थल पर ही पड़ा भीगता रहा। स्थानीय लोगों ने रेल थाना पुलिस के रवैये पर तीव्र नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद सूचना दिए जाने के बावजूद रेल थाना पुलिस करीब ढाई घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को अपने कब्जे में लिया।

नाथनगर स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों का कहना है कि उन्होंने हादसे के तुरंत बाद भागलपुर आरपीएफ और संबंधित अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी थी। शुरुआती समय में मृतका की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। हालांकि, पुलिस को महिला के पास मिले एक थैले की तलाशी के दौरान उसका आधार कार्ड बरामद हुआ।

आधार कार्ड के अनुसार मृतका की पहचान बदमिया देवी (उम्र लगभग 50 वर्ष), पति मीना यादव के रूप में हुई है। वह भागलपुर जिले के ग्राम नवादा (पोस्ट व थाना- इशीपुर) की रहने वाली थी। रेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है और मृतका के परिजन को सूचित करने के साथ ही मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story