थ्रेसर मशीन के चपेट में आने से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
थ्रेसर मशीन के चपेट में आने से महिला की मौत


भागलपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में मंगलवार को गेहूं की तैयारी के दौरान थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से महिला सुबो देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन फानन में महिला को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत उसकी हो गई।

बताया जा रहा है कि सुबो देवी अपने घर के पास ही थ्रेसर मशीन में गेहूं की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी थ्रेसर मशीन में फंस गई। देखते ही देखते मशीन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत मशीन को बंद किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना के बाद परिजन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में परिजन घायल महिला को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story