बांसझाड़ी में फंदे से लटका मिला महिला का शव, बेटा घायल

WhatsApp Channel Join Now
बांसझाड़ी में फंदे से लटका मिला महिला का शव, बेटा घायल


किशनगंज, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में घर से करीब दो किलोमीटर दूर खानका बागान टोला स्थित घनी बांसझाड़ी में फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर महिला का सात वर्षीय बेटा भी घायल अवस्था में मिला। बच्चे के गले और आंख पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका के परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतका अठियाबाड़ी निवासी मो. सोमू अहमद की पत्नी शाहीन प्रवीण है।

परिजन के अनुसार, शाहीन के पति करीब छह माह पहले रोजगार के सिलसिले में मुंबई गए हुए हैं। शाहीन दामलबाड़ी पंचायत के काशीबाड़ी निवासी फासीरुद्दीन की बेटी थी।

मृतका के देवर मो. बिपियारू ने बताया कि शाहीन अपने बेटे नोमान के साथ किसी जरूरी काम से छत्तरगाछ बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खानका बागान टोला की बांसझाड़ी में शाहीन का शव फंदे से लटका होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर महिला का बेटा घायल अवस्था में मिला। परिजन के अनुसार, बच्चे के गले और आंख पर जख्म के निशान हैं। उसे भी बांस की करची से बांधने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।बताया जाता है कि बच्चे ने कथित तौर पर किसी अज्ञात व्यक्ति पर अपनी मां को फंदे से लटकाने और उसे भी मारने की कोशिश करने की बात कही। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतका के भाई नूर आलम ने आशंका जताई कि उनकी बहन की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है।

सूचना मिलने पर छत्तरगाछ कैंप प्रभारी कुंदन कुमार और पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764795 Articles

Share this story