घरेलू हिंसा से परेशान सकुल्लाचक की महिला ने लगाई न्याय की गुहार

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू हिंसा से परेशान सकुल्लाचक की महिला ने लगाई न्याय की गुहार


भागलपुर 5, सितंबर (हि.स.)। भागलपुर के सकुल्लाचक की रहने वाली एक पीड़ित महिला ने शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार के कार्यालय पहुंचकर अपने पति द्वारा की गई बर्बरता की दर्दनाक आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि उसके पति ने उसे बेहद बेरहमी से मारा-पीटा है, जिससे उसके चेहरे और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता न्याय के लिए कई जगहों पर भटकी, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो सकी। परेशान होकर अंत में उसने मानवाधिकार संस्था का दरवाजा खटखटाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा के आदेश पर संस्था की भागलपुर महिला जिला अध्यक्ष वर्षा सिंह और मीडिया प्रभारी मनीष राम ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने पीड़ित महिला और उसके पिता के साथ भागलपुर महिला थाना अध्यक्ष से मुलाकात की और पीड़िता का पक्ष मजबूती से रखा।

महिला थाना अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल करने और दोषियों के खिलाफ उचित व सख्त कार्रवाई करने का पूरा आश्वासन दिया है। इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा ने समाज को एक कड़ा संदेश दिया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम और आपसी सामंजस्य होना चाहिए, लेकिन आज के समय में घरेलू हिंसा की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रशासनिक और सामाजिक व्यवस्था दोनों का यह बड़ा दायित्व बनता है कि वे आगे आएं, पीड़ितों की मदद करें और एक सकारात्मक पहल के जरिए समाज को सही और सुरक्षित दिशा में ले जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story