नगरा थाना के समीप ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 01 जुलाई (हि.स.)। नगरा थाना के समीप एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 13 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतका की पहचान अफौर गांव निवासी संत कुमार की पत्नी कविता कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल बच्ची उनकी पुत्री गुड़िया कुमारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कविता कुमारी एक युवक और अपनी पुत्री के साथ बाइक से अफौर गांव से नगरा बाजार जा रही थीं। इसी दौरान थाना के समीप ट्रक से आगे निकलने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर ट्रक के नीचे आ गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को धक्का देकर महिला के शव को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही नगरा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story