टावर पर चढ़ने वाली महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल
पूर्वी चंपारण,23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पीपराकोठी में मोबाइल टावर पर चढ़कर दबाव बनाने की कोशिश अब भारी पड़ रही है। पीपराकोठी चौक स्थित टावर पर चढ़ी महिला किरण देवी को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि इस तरह के खतरनाक और कानून तोड़ने वाले कदम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है,कि बीते बुधवार बलथरवा निवासी किरण देवी अपने भैसुर रंजीत पासवान की गिरफ्तारी से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। रंजीत पासवान को बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत दर्ज मामले में उसी दिन सुबह गिरफ्तार किया गया था। इसके विरोध में महिला ने टावर पर चढ़कर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही पुलिस, बीडीओ, फायर ब्रिगेड और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। लेकिन इस बार प्रशासन ने नरमी नहीं दिखाई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, दबाव बनाने और आत्महत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज (कांड संख्या 205/26) कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बिना देर किए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे गुरूवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि गिरफ्तारी के दौरान भी महिला द्वारा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा किया गया था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कदम न केवल व्यक्ति की जान के लिए खतरा हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं। ऐसे में भविष्य में अगर कोई इस तरह की हरकत करता है, तो उसे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

