भागलपुर में मानसून की विदाई के बाद पछिया हवा सक्रिय, दोपहर की उमस से आमजन बेहाल

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले से दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरी तरह से विदाई होने के बाद मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आया है। आसमान साफ होने के साथ ही पिछले कई दिनों से जारी बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थम चुकी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, भागलपुर के अनुसार, अब पुरवा की जगह शुष्क पछिया हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इसके चलते दोपहर के वक्त सूरज की तेज किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं, जिससे वातावरण में उमस काफी बढ़ गई है।

बुधवार दोपहर 12 बजे जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। तेज धूप और उमस की वजह से सड़कों पर चलने वाले राहगीर पसीने से तर-बतर नजर आए। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जो दोपहर की छुट्टी के समय तीखी धूप में घर लौटने को मजबूर हैं। आम दिनों के मुकाबले सड़कों पर भी दोपहर में आवाजाही थोड़ी कम देखी गई।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि पछिया हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री की आंशिक वृद्धि हो सकती है, जिससे दोपहर में उमस का असर बना रहेगा। हालांकि, मानसून की विदाई के बाद अब वातावरण शुष्क होने लगा है, जिसके कारण सुबह और रात के वक्त हल्की ठंडक का अहसास शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आने वाले हफ्तों में गुलाबी ठंड दस्तक देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760552 Articles

Share this story