साप्ताहिक पुलिस परेड का आयोजन, अनुशासन और टर्नआउट का हुआ निरीक्षण
भागलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस केंद्र भागलपुर में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया।
इस परेड का निरीक्षण पुलिस उपाधीक्षक विश्वरंजन सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक श्री सिंह ने उपस्थित जवानों के टर्नआउट (वेशभूषा), अनुशासन, शारीरिक दक्षता तथा परेड की समग्र गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। परेड में शामिल पुलिस बल के उच्च स्तर के प्रदर्शन को देख उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक विश्वरंजन सिंह ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अपने संबोधन में कर्तव्य के प्रति हमेशा तत्पर रहने, उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने और पेशेवर दक्षता को और अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि जवानों के अनुशासन और जनता के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा से ही बनती है, इसलिए हर परिस्थिति में व्यावसायिक कुशलता का परिचय दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

