स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में दिवाल पेंटिंग
अररिया 03 मई(हि.स.)।
केन्द्र सरकार की ओर से हरेक साल नगर निकायों में स्वच्छता को लेकर सर्वेक्षण कर उनकी रैंकिंग राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर करती है।10 मई से दिल्ली से एक टीम आएगी,जो आम नागरिकों से स्वच्छता को लेकर फीडबैक लेने का काम करेगी।
सर्वेक्षण में सिटीजन फीडबैक के लिए एक हजार का अंक निर्धारित है।उल्लेखनीय हो कि जिला में फारबिसगंज नगर परिषद ओडीएफ प्लस क्षेत्र घोषित है।
शहर को साफ सुथरा बनाने को लेकर नगर परिषद प्रशासन ने आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए पहल शुरू कर दी है।नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के हड़ताल समाप्त होने के बाद जहां शहर में विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़े कचरे का उठाव तीव्र गति से हो रहा है।वहीं नगर को साफ सुथरा रखने के लिए विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर दिवाल पेंटिंग के माध्यम से घर के साथ अगल बगल के हिस्सों को साफ सफाई रखने में सहयोग करने की अपील की जा रही है।
नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नगर परिषद प्रशासन की ओर से वॉल पेंटिंग कराई जा रही है।दिवालों पर व्हाइट वाश के बाद रंग बिरंगे रंगों से स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर संदेश लिखे जा रहे हैं।पेंटिंग करने वाले पेंटर कलाकार कूड़े कचरों के निष्पादन को लेकर तस्वीर बनाने के कार्य में जुटे हैं।
उल्लेखनीय हो कि स्वच्छता सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की एक वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण है, जो देश भर के नगर निकाय के अधीनस्थ शहरों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और नागरिकों के फीडबैक के आधार पर रैंकिंग जारी करता है। इसका मुख्य उद्देश्य शहरों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वभाव स्वच्छता संस्कार स्वच्छता को सुनिश्चित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

