130 किमी/घंटा परिचालन के लिए मालदा मंडल में डब्ल्यू बीम फेंसिंग का काम जारी

WhatsApp Channel Join Now
130 किमी/घंटा परिचालन के लिए मालदा मंडल में डब्ल्यू बीम फेंसिंग का काम जारी


भागलपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा अपने मंडल क्षेत्र में सुरक्षा सुदृढ़ करने तथा परिचालन दक्षता में सुधार के लिए व्यापक पहल की जा रही है। इसी क्रम में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में, मंडल द्वारा प्रमुख खंडों पर डब्ल्यू बीम मेटल सेफ्टी फेंसिंग का स्थापना कार्य प्रगति पर है, जिससे चरणबद्ध तरीके से 130 किमी/घंटा तक की गति से ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित किया जा रहा है।

यह पहल भारतीय रेल के उच्च गति, उच्च क्षमता एवं सुरक्षित रेल नेटवर्क के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप है। पूर्व रेलवे के व्यस्त मार्गों पर इस प्रकार की आधुनिक फेंसिंग प्रणाली के क्रियान्वयन से अतिक्रमण की घटनाओं में कमी आई है तथा ट्रैक सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

इस परियोजना के अंतर्गत अब तक कुल 316.8 किलोमीटर रेलखंड के दोनों ओर फेंसिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष खंडों पर कार्य प्रगति पर है, जिसमें मालदा टाउन – न्यू फरक्का 62.4 किमी, महाराजपुर – विक्रमशिला 72.4 किमी, जमालपुर – किउल: 50 किमी, विक्रमशिला – भागलपुर 58 किमी, भागलपुर – जमालपुर 52 किमी एवं अन्य रेलमार्ग शामिल हैं।

इस व्यापक कवरेज से अनधिकृत प्रवेश, मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं तथा बाहरी हस्तक्षेप में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे यात्री सुरक्षा सुनिश्चित होगी और ट्रेन संचालन अधिक सुगम बनेगा।

उल्लेखनीय है कि डब्ल्यू बीम मेटल फेंसिंग, जो क्रैश बैरियर तकनीक पर आधारित है, रेलवे ट्रैक के किनारे एक मजबूत एवं टिकाऊ सुरक्षा अवरोध प्रदान करती है। यह अनधिकृत प्रवेश को रोकने के साथ-साथ उच्च गति से सुरक्षित ट्रेन संचालन को समर्थन देती है तथा विभिन्न मौसम परिस्थितियों में भी कम रखरखाव के साथ विश्वसनीय बनी रहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story