शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा
सीवान, 09 अगस्त (हि.स.)। भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. वी.वी. गिरि की जयंती के अवसर पर रविवार को दरौंदा प्रखंड के चिंतामनपुर स्थित वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय परिसर में उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान और क्षेत्रीय विकास को लेकर विचार-संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. वी.वी. गिरि, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा आंबेडकर ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशन के संरक्षक डॉ. हरिश्चंद्र गिरि के चित्र पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई।
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि सीवान सहित सारण प्रमंडल में शिक्षा की ज्योति को आगे बढ़ाने की दिशा में वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय की स्थापना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वविद्यालय से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार के साथ विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई।
एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि शिक्षा बेरोजगारी दूर करने के साथ समाज में सुशासन स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह विश्वविद्यालय क्षेत्र के विकास का केंद्र बने, यही उनकी शुभकामना है।
पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. के.सी. सिन्हा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन से उनका आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने अपने शैक्षणिक अनुभव के आधार पर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में सहयोग का भरोसा दिया।
पटना हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता वाई.वी. गिरि ने विश्वविद्यालय को हर प्रकार की कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी एवं करणजीत सिंह उर्फ व्यास जी ने विश्वविद्यालय के रोजगारोन्मुखी लक्ष्यों को पूरा करने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के माध्यम से क्षेत्र में शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकती है। विश्वविद्यालय की स्थापना एवं युवाओं के विकास के प्रयासों की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में सीवान भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, गोपालगंज जिलाध्यक्ष संदीप गिरि, डीडीसी अमिताभ सिंह, समाजसेवी उमेश सिंह, शैलेश पर्वत समेत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष, स्थानीय मुखिया एवं बीडीसी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

