एसएसपी ने सुनी आम लोगों की समस्या, समाधान का दिया आश्वासन
भागलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भागलपुर पुलिस द्वारा रसलपुर थाना परिसर में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्दद्देश्य आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना था। जनसंवाद में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लोगों ने भूमि विवाद, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा एवं अवैध गतिविधियों, व्यवस्था तथा थाना स्तर पर लंबित मामलों से संबंधित विषय उठाए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भागलपुर पुलिस आम जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा पुलिस-जन सहयोग से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन न पर दें तथा अफवाहों से बचें।
कार्यक्रम में रसलपुर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदधिकारी उपस्थित रहे। अंत में वरीय पुलिस अधीक्षक ने आश्वास्त किया कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

