कोशी स्नातक सीट के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग, चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा

WhatsApp Channel Join Now
कोशी स्नातक सीट के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग, चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा


किशनगंज, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान दल, सुरक्षा पदाधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।

अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है, जबकि निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी। किशनगंज जिले में कुल आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 2,898 पुरुष और 656 महिला मतदाता समेत कुल 3,554 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान केंद्र प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालयों के अलावा अनुमंडल दंडाधिकारी, किशनगंज के न्यायालय कक्ष में बनाया गया है। प्रखंडवार मतदाताओं में कोचाधामन में 852, ठाकुरगंज में 541, बहादुरगंज में 521, पोठिया में 347, दिघलबैंक में 323, टेढ़ागाछ में 214 और किशनगंज प्रखंड में 182 मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त किशनगंज अनुमंडल के मतदान केंद्र पर 574 मतदाता दर्ज हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोशी स्नातक निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया सामान्य लोकसभा और विधानसभा चुनाव से अलग होगी।

इसमें एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत अधिमान क्रम में मतदान किया जाएगा। ईवीएम के बजाय मतपत्र और मतपेटी का इस्तेमाल होगा। इस चुनाव में मॉक पोल और नोटा का प्रावधान नहीं है। मतदाता पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट सहित निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक पहचान पत्रों का उपयोग किया जा सकेगा। डीएम नवीन कुमार ने सभी पदाधिकारियों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी संतोष कुमार ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी समस्या पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

मतदान के बाद सीलबंद मतपेटियां पूर्णिया स्थित जिला स्कूल परिसर के वज्रगृह में जमा कराई जाएंगी। निर्वाचन संबंधी सूचना या सुझाव के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06456-225152 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story