चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का आक्रोश मार्च

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का आक्रोश मार्च


चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का आक्रोश मार्च


सुपौल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय सुपौल में गुरुवार को इंडिया गठबंधन के आह्वान पर चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश मार्च एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन में महागठबंधन के बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम में सभा का संचालन करते हुए पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने केंद्र सरकार, भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ने मिलकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश रची है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितता के माध्यम से जनता के जनादेश को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

पूर्व विधायक ने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और आरोप लगाया कि इसमें जातिगत आधार पर भी भेदभाव किया गया है। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान कोई स्वतंत्र प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया।

उन्होंने पत्रकारों से युवाओं के साथ खड़े होने का आह्वान करते हुए कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतर रहा है। उन्होंने कहा कि देश, संविधान और लोकतंत्र की मजबूती ही लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई।

पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने प्रधानमंत्री पर युवाओं के रोजगार और विकास के मुद्दे पर अपेक्षित ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कथित वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए महागठबंधन के कार्यकर्ता लगातार संघर्ष करते रहेंगे।

इस अवसर पर राजद जिलाध्यक्ष संतोष सरदार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार, माले जिला सचिव जय नारायण यादव तथा वीआईपी जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मुखिया ने भी संबोधित किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा सरकार मिलकर जनता के मताधिकार और जनादेश को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के वोट से बनती है और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कथित हेराफेरी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।

वक्ताओं ने चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार से चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार से जुड़े किसी भी मुद्दे पर विपक्ष चुप नहीं बैठेगा। नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story