बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान, आज थम जाएगा चुनाव प्रचार
पटना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। इन आठ सीटों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की पटना, दरभंगा, सारण और तिरहुत सीटें शामिल हैं। बुधवार शाम से चुनाव प्रचार भी समाप्त हो जाएगा।
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हो रहा चुनाव भले ही संख्या के लिहाज से सीमित हो, लेकिन इसके राजनीतिक मायने व्यापक माने जा रहे हैं। मतदान को लेकर राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों में बेचैनी बढ़ी हुई है और सभी दल परिणाम को लेकर अपने-अपने समीकरणों का आकलन करने में जुटे हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए इन चुनावों में अनंत सिंह फैक्टर खास चर्चा में है। उनके प्रभाव और राजनीतिक सक्रियता को लेकर गठबंधन के भीतर और बाहर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, महागठबंधन के सामने राजद और कांग्रेस के बीच सीटों तथा राजनीतिक प्रभाव को लेकर खींचतान एक बड़ी चुनौती के रूप में देखी जा रही है। जबकि निर्दलीय उम्मीदवार भी अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में ताल ठोक रहे हैं।
विधान परिषद की इन सीटों के चुनाव में स्थानीय राजनीतिक समीकरण, दलों के बीच तालमेल और उम्मीदवारों की व्यक्तिगत पकड़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यही वजह है कि सीमित सीटों पर चुनाव होने के बावजूद राजनीतिक दल इसे गंभीरता से ले रहे हैं।
बिहार विधान परिषद की सभी आठ सीटों के लिए कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 4,92,594 मतदाता हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 40,253 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के चुनावों में कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें स्नातक निर्वाचन की चार सीटों के लिए 90 और शिक्षक निर्वाचन की चार सीटों के लिए 60 प्रत्याशी मैदान में हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के लिए कुल 598 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पटना निर्वाचन क्षेत्र में 134, कोसी में 181, तिरहुत में 145 और दरभंगा में 138 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के लिए कुल 335 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें पटना में 80, तिरहुत में 58, दरभंगा में 99 और सारण में 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
विधान परिषद की इस आठ सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होने वाला है। मतदान के लिए सभी निर्वाचन क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

