वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा सरस्वती विद्या मंदिर

WhatsApp Channel Join Now
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा सरस्वती विद्या मंदिर


बक्सर , 25 सितंबर (हि.स.)। सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली के विशाल केशव सभागार में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या एवं भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमर स्वर है। यह गीत मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, स्वाभिमान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का उद्घोष करता है। 150 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी इसकी प्रासंगिकता और प्रभाव अक्षुण्ण है। कार्यक्रम में भैया-बहनों ने ‘वंदे मातरम्’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के विभिन्न स्थानों पर आचार्यों के नेतृत्व में सामूहिक गायन भी कराया गया।

इस दौरान पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी मनाई गई। उनके तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्चन किया गया।

कार्यक्रम में भोजपुर विभाग के विभाग प्रमुख लाल बाबू प्रसाद यादव, विद्यालय के सचिव डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुंवर सिंह, प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह एवं उपप्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार सिंह सहित सभी आचार्य-आचार्या उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story