बक्सर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायका पक्ष द्वारा दहेज हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के मुताबिक सुबह सूचना मिली कि खलासी मोहल्ला में नंदजी चौधरी की 25 वर्षीय पत्नी सबिता देवी ने फांसी लगा ली है। जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बिस्तर पर पड़ा पाया। प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या या फांसी लगाकर आत्महत्या प्रतीत हो रहा था।

मामले में पति का कहना है कि रात में पति-पत्नी दोनों एक ही साथ कमरे में सोए हुए थे। सुबह जब पति की नींद खुली, तो पत्नी का शव पंखे से लटकते देख नीचे उतारते हुए सबको सूचित किया।पुलिस के अनुसार आरा के गोढना रोड निवासी सबिता देवी की 2024 में नंदजी चौधरी से शादी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंचे मायका पक्ष के लोग दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में पति को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ में लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story