कांग्रेस का विरोध मार्च,सीईसी का फूंका पुतला
अररिया, 28 सितम्बर (हि.स.)। अररिया में मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विरोध मार्च निकाला गया।
जिलाध्यक्ष मो. मासूम रेजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम से मार्च शुरू किया, जो चांदनी चौक पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे,जहां जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग रखी गई।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में मतदाता सूचियों से नाम हटाने और अन्य बदलावों की समीक्षा कराने की मांग की। पार्टी ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी एवं पद से बर्खास्तगी की मांग की।
मौके पर जिलाध्यक्ष मो. मासूम रेजा ने भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों की जांच जरूरी है। कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रहेगी।
विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

