घुटने की समस्या से मिली राहत, बुनियाद केंद्र ने लौटाई 60 वर्षीय गोवर्धन वर्मा की सामान्य जिंदगी

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 21 अगस्त (हि.स.)। बुनियाद केंद्र डुमरांव ने फिजियोथेरेपी और नियमित उपचार के माध्यम से 60 वर्षीय गोवर्धन वर्मा को घुटने की समस्या से राहत दिलाकर उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है। नया भोजपुर निवासी गोवर्धन वर्मा 8 मई 2026 को घुटने में दर्द और चलने-फिरने में हो रही परेशानी के कारण बुनियाद केंद्र पहुंचे थे।

उपचार शुरू होने के समय उन्हें घुटने में दर्द के साथ दैनिक कार्य करने में भी काफी कठिनाई हो रही थी। बुनियाद केंद्र में फिजियोथेरेपिस्ट विकास कुमार के मार्गदर्शन में उन्हें नियमित फिजियोथेरेपी, व्यायाम और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। उपचार के प्रति उनकी नियमितता, लगन और चिकित्सकीय निर्देशों के पालन से उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हुआ।

उपचार के बाद उनके घुटने की समस्या में काफी राहत मिली और वे अब बिना दर्द के चलने-फिरने तथा अपने दैनिक कार्य सहजता से करने में सक्षम हैं। गोवर्धन वर्मा ने बुनियाद केंद्र की डॉक्टरों एवं फिजियोथेरेपी टीम के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र के सहयोग से उन्हें काफी लाभ मिला है और अब वे सामान्य रूप से चल-फिर पा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने इस सफलता को बुनियाद केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं की उपयोगिता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया है। केंद्र की यह पहल अन्य मरीजों के लिए भी उम्मीद और प्रेरणा का संदेश है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story