20 दिसंबर को सीवान में होगा विराट सोनार महासमागम
सीवान, 22 नवंबर (हि.स.)।
सीवान में आगामी 20 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित विराट सोनार महासमागम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गयी हैं। इसको लेकर आयोजन समिति की पहली वर्किंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में महासमागम की विस्तृत रूपरेखा, आयोजन की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच अलग-अलग कार्यों का बंटवारा कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गयी।
बैठक में पश्चिमी चंपारण के सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सर्राफ ने उपस्थित सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विराट सोनार महासमागम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, आपसी समन्वय और संगठनात्मक शक्ति को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था बेहतर और व्यवस्थित हो सके।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महासमागम की तैयारियों को गति देना और आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करना था। इसके लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां आवंटित की गयीं। साथ ही आयोजन की भव्यता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति बनी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि महासमागम में समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो और कार्यक्रम सामाजिक एकता का मजबूत संदेश दे। बैठक में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव रुपेश कुमार उर्फ रुपेश सर्राफ, विराट सोनार महासमागम के संरक्षक सदस्य आनंद कुमार, अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय, जिला अध्यक्ष आनंद सोनी, प्रधान महासचिव सुधांशु सोनी, महासचिव विजय सोनी, कोषाध्यक्ष मुन्ना सोनी, उपाध्यक्ष अरविंद सोनी एवं विनय सोनी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा संगठन के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार सोनी, अर्जुन सोनी, विदित सोनी, कंचन सोनी, प्रकाश सोनी सहित स्वर्णकार समाज के कई गणमान्य व्यक्ति और सदस्य बैठक में शामिल हुए। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर महासमागम को सफल बनाने का संकल्प लिया। सभी ने भरोसा दिलाया कि उन्हें जो जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जायेगा। आयोजन समिति का लक्ष्य 20 दिसंबर को सीवान की धरती पर विराट सोनार महासमागम के माध्यम से समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सहभागिता का प्रभावशाली संदेश देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

