सुपौल में धूमधाम से मना वीआईपी का आठवां स्थापना दिवस

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में धूमधाम से मना वीआईपी का आठवां स्थापना दिवस


सुपौल, 05 नवंबर (हि.स.)। विकासशील इंसान पार्टी का आठवां स्थापना दिवस गुरुवार को जिले में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बकौर चौक स्थित विशेश्वर कुमार मुखिया की दुकान पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही निषाद समाज के हक, अधिकार, आरक्षण और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी का आठ वर्षों का सफर संघर्ष, त्याग, समर्पण, सामाजिक न्याय और स्वाभिमान की लड़ाई का प्रतीक है। एक छोटे से पौधे के रूप में शुरू हुआ संगठन आज लाखों लोगों की उम्मीद और विश्वास का प्रतीक बन चुका है।

उन्होंने कहा कि वीआईपी वल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि निषाद समाज के मान-सम्मान, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की आवाज बुलंद करने का मंच है। निषाद समाज को आरक्षण सहित उसका पूरा संवैधानिक हक और अधिकार दिलाना पार्टी का प्रमुख संकल्प है।

इस मौके पर जिला महासचिव सह सुपौल प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड के मंत्री सुरेश मुखिया, जिला प्रवक्ता रामरूप मुखिया और आईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर कुमार मुखिया ने भी अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में पार्टी ने निषाद समाज की आवाज को मजबूती से उठाने का काम किया है। समाज के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए संगठन की एकजुटता और मजबूती जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक पार्टी की विचारधारा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी के संदेश को पहुंचाने का आह्वान किया।

आईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर कुमार मुखिया ने पार्टी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विकासशील इंसान पार्टी ने उन्हें समाज की सेवा करने और निषाद समाज के हक-अधिकार की लड़ाई में अपनी भूमिका निभाने का अवसर दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, दूरदर्शी सोच और नेतृत्व ने निषाद समाज को राजनीतिक पहचान दिलाने तथा अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान किया है।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर मुखिया, आईटी सेल प्रभारी लाल कुमार मुखिया, मोहम्मद मिनहाज, प्रमोद कुमार, महादेव मुखिया सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

समारोह के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने तथा निषाद समाज के हक, अधिकार, आरक्षण और सम्मान की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। जिला प्रभारी बुधन मुखिया ने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को उसका वाजिब हक, अधिकार और सम्मान नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story