मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर ग्रामीणों का महा-सत्याग्रह,मुंह पर लाल कपड़ा बांधकर किया चक्काजाम
भागलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नाथनगर अंतर्गत कंझिया मोड़ पर मंगलवार सुबह व्यवस्था के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा आक्रोश फूटा। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क, नाला और सर्विस रोड की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने एक अनोखा सत्याग्रह आंदोलन शुरू कर दिया।
विरोध का तरीका बेहद आक्रामक और प्रतीकात्मक था। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने अपने मुंह पर लाल कपड़ा बांध रखा था। अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर बांस-बल्ला लगा दिया और आवागमन को पूरी तरह से ठप कर दिया।
सुबह करीब 8 बजे शुरू हुए इस चक्काजाम के कारण देखते ही देखते फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। इनमें कई यात्री बसें, व्यावसायिक ट्रक और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं भी फंस गईं, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन स्थल पर जुटे ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के बाद से स्थानीय स्तर पर सड़क, नाला और सर्विस रोड नहीं होने की वजह से उनका जीना मुहाल हो गया है। जलजमाव और मुख्य सड़क पर आने-जाने में हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार ध्यान आकर्षित कराए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण आखिरकार उन्हें सत्याग्रह और सड़क जाम का रास्ता अपनाना पड़ा। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने, शांत कराने और जाम हटाने की काफी कोशिश की। पुलिस ने आश्वासन भी दिया कि उनकी मांगें सक्षम प्राधिकार तक पहुंचाई जाएंगी, लेकिन प्रदर्शनकारी टस से मस नहीं हुए। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक संबंधित विभाग के वरीय अधिकारी खुद मौके पर नहीं आते और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर लिखित या ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। ग्रामीणों के इस कड़े रुख के कारण समाचार लिखे जाने तक फोरलेन पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और प्रशासन वैकल्पिक रास्तों से यातायात को बहाल करने की कोशिशों में जुटा है। सभी की नजरें अब प्रशासनिक अधिकारियों के रुख और उनके द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

