जलजमाव से ग्रामीण परेशान, घरों से निकलना हुआ दूभर

WhatsApp Channel Join Now
जलजमाव से ग्रामीण परेशान, घरों से निकलना हुआ दूभर


भागलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले के सन्हौला प्रखंड की सिलहन खजुरिया पंचायत अंतर्गत बेलडीहा गांव के वार्ड नंबर 12 में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। यहाँ अनिल साह के घर से लेकर सुखो ठाकुर के घर तक जाने वाली लगभग 200 फीट लंबी कच्ची गली में भीषण जलजमाव होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं। स्थिति यह है कि हल्की बारिश के बाद भी पूरी गली तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है।

ग्रामीण रामबली ठाकुर, अंकज साह, सुखो ठाकुर और कारू ठाकुर ने बताया कि जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था न होने के कारण गली में हफ़्तों पानी जमा रहता है। कच्ची सड़क पर फैले कीचड़ और गंदे पानी की वजह से पैदल चलना भी जान जोखिम में डालने जैसा है। इस रास्ते से गुजरने वाले छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने डर जताते हुए कहा कि कीचड़ में बच्चों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने की आशंका हमेशा बनी रहती है। जलजमाव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप और बीमारियां फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्व में सिलहन खजुरिया पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में लिखित आवेदन भी दिया गया था। इसके बावजूद प्रशासन या पंचायत स्तर पर अब तक कोई सुध नहीं ली गई है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है।

लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी ज्यादा बदतर हो जाएगी। वहीं कन्हैया कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्हौला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है।

संबंधित स्थल की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही वहाँ पक्की सड़क और जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story