जर्जर कालीप्रसाद पुल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नए निर्माण व रेलिंग की मांग को लेकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर कालीप्रसाद पुल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नए निर्माण व रेलिंग की मांग को लेकर प्रदर्शन


भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के पिरपैंती प्रखंड क्षेत्र स्थित कालीप्रसाद पुल की बदहाल और जर्जर स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों का सब्र मंगलवार को टूट गया। पुल के नवनिर्माण, मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने पुल पर एकत्रित होकर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि उन्हें अब कोरे आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर जल्द से जल्द नया पुल चाहिए। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल पिछले कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में है और इसके हिस्से लगातार टूटकर गिर रहे हैं।

बाढ़ के दौरान भी पुल का एक हिस्सा धंस गया था और गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण इसके ऊपर से पानी बहने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, पुल पर सुरक्षा के लिए न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग है और न ही रेलिंग लगी हुई है।

ऐसे में रात के अंधेरे, बारिश के मौसम और कोहरे के दौरान स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों के लिए इस रास्ते से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा है। कालीप्रसाद पुल और इससे जुड़ी सड़क पीरपैंती के संपूर्ण दियारा क्षेत्र को प्रखंड मुख्यालय और मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली एक प्रमुख 'लाइफलाइन' है।

यह मार्ग टोपरा, दिलौरी, टपुआ, खबासपुर, बाखरपुर, बाबूपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के आवागमन का सीधा साधन है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पुल का निर्माण नहीं हुआ और यह पूरी तरह ध्वस्त हो गया, तो हजारों की आबादी का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट जाएगा।

ऐसी स्थिति में लोगों को करीब 15 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ेगा, जिससे किसानों, मरीजों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए जाने वाले लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने केवल पुल ही नहीं, बल्कि इससे जुड़ी जर्जर सड़क की मरम्मत करने और बाढ़ की समस्या को देखते हुए सड़क की ऊंचाई बढ़ाकर निर्माण कराने की भी मांग उठाई।

मौके पर मौजूद ग्रामीण सुमित कुमार, वार्ड सदस्य मोहम्मद काबिल सहित दर्जनों स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब संज्ञान लेने और निर्माण कार्य शुरू कराने की गुहार लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story