कटाव से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विधायक मिथुन यादव का किया घेराव
भागलपुर, 19 मई (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड के मामलखा पंचायत में प्रत्येक साल दर साल हो रहे गंगा कटाव को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ ही गया।
मंगलवार को सहयोग शिविर के दौरान कटाव से परेशान ग्रामीणों ने लोजपा विधायक मिथुन यादव को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि ग्रामीण विधायक की गाड़ी के आगे खड़े होकर विरोध जताने लगे। लोगों का आरोप था कि महज कुछ दिन का समय है, गिर गंगा में पानी बढ़ जाएगी, जिससे कटाव होना शुरू हो जाएगा, लेकिन कटावरोधी कार्य पूरी तरह से धीमी गति से चल रहा है। लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, जमीन पर कोई ठोस काम नहीं दिख रहा।
उल्लेखनीय है कि ममलखा पंचायत के हाई स्कूल परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में मंत्री, अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मी पहुंचे थे। कार्यक्रम की शुरुआत औपचारिक भाषण और फोटो सेशन से हुई, जिसके बाद मंत्री और कई अधिकारी वहां से निकल गए। इसके बाद अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे अधिकारियों ने आवेदन लेकर कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिया, लेकिन सबसे अधिक गुस्सा गंगा कटाव को लेकर देखने को मिला।
ग्रामीण सुनील मंडल ने बताया कि मामलखा पंचायत में कटाव लगातार गांवों की ओर बढ़ रहा है खेत, घर और सड़कें खतरे में हैं, लेकिन कटाव निरोधी कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। ग्रामीणों ने विधायक से तत्काल स्थायी समाधान निकालने और कटावरोधी कार्य तेज कराने की मांग की। स्थानीय ग्रामीण बिशु मंडल ने कहा कि गंगा का कटाव अब आबादी के बेहद करीब पहुंच चुका है। बावजूद इसके अब तक कोई प्रभावी काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कई महीने गुजर गए, लेकिन सिर्फ कागजी प्रक्रिया चल रही है।
अब सावन का महीना आने वाला है और बारिश शुरू होते ही कटाव होने लगेगा। विरोध के बीच विधायक मिथुन यादव ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने माना कि कटाव निरोधी कार्य धीमी गति से चल रहा है और इसी कारण ग्रामीणों में नाराजगी है। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की चिंता जायज है और तीन दिन बाद वह खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार के बीच इस तरह का आक्रोश होता है, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन समस्या का समाधान जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

