गांव में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का वादा सरकार ने किया पूरा: तारकिशोर प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
गांव में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का वादा सरकार ने किया पूरा: तारकिशोर प्रसाद


कटिहार, 14 मई (हि.स.)। पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन योजना अंतर्गत भवाड़ा पंचायत अंतर्गत दलन- पदमपुर पीएमजीएसवाई पथ में हनुमान मंदिर से नया टोला, हवेली टोला होते हुए रामपुर रेल गुमटी तक विभागीय पथ का सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण कार्य का शिलापट अनावरण नारियल फोड़कर किया। इस पथ की लंबाई लगभग 02 किलोमीटर एवं लागत राशि 01 करोड़ 36 लाख रुपए है।

इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कटिहार प्रखंड के चारों ओर एनएचएआई द्वारा निर्मित पथ से आवागमन सुगम कर दिया गया है। क्षेत्र में पक्की सड़कों का जाल बिछाया गया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कटिहार विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ कटिहार जिला के चौमुखी विकास के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि बिहार में कटिहार विकास के नए आयाम को छूएगा। उन्होंने उपस्थित सभा को राज्य सरकार के सहयोग कार्यक्रम जो प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को नियमित होगा में अपनी कठिनाइयों को बताने का आग्रह किया। साथ ही आने वाले दिनों में राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने का सरकार के निर्णय से लोगों अवगत कराया। उन्होंने हर खेत तक कृषि विद्युत आपूर्ति करने का आश्वासन दिया।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रयास से कटिहार विधानसभा क्षेत्र में पथों का जाल बिछाकर प्रत्येक गांव को मुख्य सड़क से जोड़ा गया है। अब नए पथ निर्माण की मांग नहीं बल्कि पूर्व के निमित्त पथ जो समय के साथ जर्जर हुए हैं, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है उसके सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण कराने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि कटिहार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जो भी पथ क्षतिग्रस्त हैं उसका शीघ्र कायाकल्प कराया जाएगा जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई नहीं हो।

इस अवसर पर उपस्थित भवाड़ा पंचायत के नेताओं ने पूर्व उप मुख्यमंत्री की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उनके द्वारा कटिहार विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story