विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण का रास्ता साफ, 90 प्रतिशत जमीन सौंपी गई

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले के कहलगांव स्थित ऐतिहासिक विक्रमशिला महाविहार के समीप वर्षों से प्रस्तावित विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ होता दिख रहा है। जिला प्रशासन ने परियोजना के लिए चिह्नित कुल भूमि का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा अधिग्रहित कर संबंधित शिक्षा विभाग को सौंप दिया है। जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने और इसकी विस्तृत रिपोर्ट भेजे जाने के बाद अब विश्वविद्यालय निर्माण के लिए बजटीय आवंटन और टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद तेज हो गई है।

जिला भू-अर्जन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कहलगांव अनुमंडल के अंतिचक और मलकपुरा मौजा में विश्वविद्यालय के लिए भूमि चिह्नित की गई है। प्रशासन द्वारा अधिग्रहित रैयती जमीन का पूरा ब्योरा और दखल-कब्जा शिक्षा विभाग के अधिकृत पदाधिकारी को सौंप दिया गया है। शेष बची हुई आंशिक जमीन के अधिग्रहण और सरकारी भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना के लिए जमीन देने वाले रैयतों को मुआवजे के रूप में अब तक करीब 85 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है।

स्थानीय लोगों और शिक्षाविदों में इस खबर को लेकर खासा उत्साह है। प्राचीन गौरव को पुनर्जीवित करने वाले इस केंद्रीय विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने से न केवल भागलपुर और अंग क्षेत्र, बल्कि पूरे पूर्वी बिहार और झारखंड के छात्रों को उच्च शिक्षा व शोध के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। साथ ही, कहलगांव क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे का भी तेजी से विकास होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story