विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन को लेकर अजमाबाद में महापंचायत, पुनर्वास और मुआवजे की मांग

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। विक्रमशिला-कटरिया नई रेल लाइन परियोजना के निर्माण को लेकर गोपालपुर प्रखंड के अजमाबाद गांव में स्थानीय ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रेल लाइन के दायरे में आ रही पुश्तैनी ज़मीन और मकानों के अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों ने गहरी चिंता व्यक्त की और आगे की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एक सुर में सरकार और रेल प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। ग्रामीणों का कहना है कि वे क्षेत्र के विकास और रेलवे लाइन परियोजना के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की वेदी पर उन्हें बेघर न किया जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकार उन्हें न केवल उनकी ज़मीन और मकान का उचित व बाजार दर पर मुआवजा दे, बल्कि मुख्य सड़क के किनारे किसी उपयुक्त स्थान पर एक साथ पूरे गांव के पुनर्वास की व्यवस्था करे। इसके साथ ही विस्थापित होने वाले सभी परिवारों को पक्के मकान बनाकर दिए जाएं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी पुनर्वास और सम्मानजनक मुआवजे की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अपनी पुश्तैनी संपत्तियों का अधिग्रहण नहीं होने देंगे। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने अपनी छिनती आजीविका और आशियाने को लेकर चिंता जताई। प्रशासन से इस मामले में सकारात्मक हस्तक्षेप करने और ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने की अपील की गई है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773259 Articles

Share this story