विक्रमशिला सेतु पर अंतिम गर्डर लॉन्चिंग पूरी, स्लैब ढलाई शुरू; 14 जनवरी तक फर्राटा भरेंगे भारी वाहन

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु पर अंतिम गर्डर लॉन्चिंग पूरी, स्लैब ढलाई शुरू; 14 जनवरी तक फर्राटा भरेंगे भारी वाहन


भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)।

अंग क्षेत्र को कोसी और सीमांचल से जोड़ने वाली लाइफलाइन विक्रमशिला सेतु के जीर्णोद्धार कार्य ने निर्णायक मोड़ ले लिया है।

सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर अंतिम स्टील गर्डर लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके तुरंत बाद पुल पर स्लैब ढलाई का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

निर्माण एजेंसी और प्रशासन का लक्ष्य है कि मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक इस पुल को भारी वाहनों के परिचालन के लिए भी पूरी तरह खोल दिया जाए। गौरतलब है कि इस वर्ष 3 और 4 मई की दरमियानी रात को विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 के पास एक बड़ा स्लैब टूटकर गंगा नदी में समा गया था। इसके बाद अस्थायी तौर पर बेली ब्रिज बनाकर छोटे वाहनों का परिचालन शुरू किया गया था, लेकिन स्थायी पुनर्स्थापन के लिए 30 सितंबर की रात से पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया।

निर्माण कार्य में जुटी एसपी सिंगला कंपनी की टीम ने देश के विभिन्न हिस्सों से बुलाए गए विशेषज्ञों की निगरानी में टूटे हुए मुख्य हिस्से के साथ-साथ तीन अन्य क्षतिग्रस्त स्लैब को काटकर वहां स्टील ट्रस्ट गर्डर स्थापित कर दिए हैं।

तकनीकी टीम के अनुसार, 15 दिसंबर तक स्लैब की ढलाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। कंक्रीट की ढलाई के बाद उसकी मजबूती सुनिश्चित करने के लिए क्यूरिंग (तराई) की जाएगी। इसके बाद पुल की भार सहने की क्षमता का आकलन करने के लिए 'लोड टेस्टिंग' की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पुल पर अतिरिक्त भार कम करने के लिए पुरानी रेलिंग और फुटपाथ को भी बदला जा रहा है, साथ ही खराब हो चुके एक्सपेंशन जॉइंट्स को भी दुरुस्त किया जा रहा है।

पुल के जनवरी में चालू होने की खबर से भागलपुर, नवगछिया और सीमांचल के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें वर्तमान में मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु या नावों के सहारे लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781297 Articles

Share this story