विक्रमशिला सेतु के चौथे हिस्से पर स्लैब ढलाई शुरू, 15 दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु के चौथे हिस्से पर स्लैब ढलाई शुरू, 15 दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य


भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। अंग क्षेत्र को कोसी और सीमांचल से जोड़ने वाली जीवनरेखा विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य ने मंगलवार को एक बड़ा और निर्णायक पड़ाव पार कर लिया।

बरारी पुल घाट के समीप सेतु के चौथे और अंतिम क्षतिग्रस्त हिस्से में दूसरा स्टील गर्डर लॉन्च होते ही चारों खंडों में गर्डर लगाने का काम पूरा हो गया। इसके साथ ही निर्माण एजेंसी ने सेतु पर स्लैब ढलाई का काम शुरू कर दिया है, जिसे 15 दिसंबर तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।

उल्लेखनीय है कि एक अक्टूबर से शुरू हुए इस जीर्णोद्धार कार्य के तहत महज डेढ़ महीने की अवधि में करीब 40 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। पहले तीन क्षतिग्रस्त हिस्सों में गर्डर लॉन्चिंग का काम पिछले सप्ताह ही पूरा हो चुका था।

मंगलवार को चौथे हिस्से में काम पूरा होने के बाद अब अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों की पूरी टीम स्लैब ढलाई में जुट गई है। मरम्मत कार्य के साथ-साथ सेतु की मजबूती और सुरक्षा के लिए संरचनात्मक बदलाव भी किए जा रहे हैं। पुल पर अतिरिक्त दबाव कम करने के उद्देश्य से पुरानी और भारी कंक्रीट रेलिंग व फुटपाथ को काटकर हटाया जा रहा है।

इनकी जगह हल्की स्टील की रेलिंग और लोहे का फुटपाथ लगाया जा रहा है। विक्रमशिला सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण बीते कई दिनों से आम यात्रियों और मालवाहक वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।

15 दिसंबर तक स्लैब ढलाई का चरण पूरा होने के बाद मरम्मत कार्य अपने अंतिम दौर में पहुंच जाएगा, जिससे नए साल की शुरुआत में भागलपुर और नवगछिया के बीच यातायात पूरी तरह सुगम होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story