किशनगंज में अब कैमरों की नजर में होंगे वाहन, जल्द लागू होगा ई-चालान

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में अब कैमरों की नजर में होंगे वाहन, जल्द लागू होगा ई-चालान


किशनगंज, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग ने ई-चालान व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत किशनगंज शहर सहित अनुमंडल मुख्यालयों के प्रमुख और व्यस्त चौक-चौराहों पर अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाने की योजना है। कैमरों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा।

परिवहन विभाग ने जिले के कई महत्वपूर्ण स्थलों को चिह्नित कर प्रस्ताव विभागीय स्तर पर भेज दिया है। प्रस्तावित स्थलों में किशनगंज शहर का बस स्टैंड, पश्चिमपाली, गांधी चौक, बहादुरगंज का एलआरपी चौक और ठाकुरगंज का मुख्य चौराहा शामिल है। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है।ई-चालान व्यवस्था लागू होने के बाद बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, गलत दिशा में वाहन चलाने और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने जैसे नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।

कैमरों के माध्यम से वाहन की पहचान के बाद संबंधित वाहन मालिक के पते पर ई-चालान भेजे जाने की व्यवस्था होगी। विभाग के अनुसार, कैमरों की स्थापना के साथ कई प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की भी योजना है। इससे यातायात संचालन बेहतर होने के साथ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

चिन्हित स्थलों की सूची संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है और प्रस्ताव पर जल्द अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था का उद्देश्य वाहन चालकों पर कार्रवाई करना भर नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story