वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों के साथ चोरी की छह मोटरसाइकिल जब्त

WhatsApp Channel Join Now
वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों के साथ चोरी की छह मोटरसाइकिल जब्त


अररिया 14 जून(हि.स.)।

जिले की फुलकाहा थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।वहीं गिरफ्तार वाहन चोर गिरोह के सदस्यों के निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिल के साथ नौ लीटर विदेशी शराब बरामद किया।जानकारी रविवार को फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने दी।

फारबिसगंज एसडीपीओ ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल अररिया,कुर्साकांटा,भरगामा सहित आसपास के इलाकों से चोरी की गई बाइक है,जिसे गिरोह के सदस्यों के द्वारा नेपाल ले जाकर बिक्री करने की योजना थी।कार्रवाई में नरपतगंज नगर पंचायत के मधुरा उत्तर के वार्ड संख्या चार निवासी बलराम यादव पिता दीनदयाल यादव और मधुरा पश्चिम के वार्ड संख्या छह निवासी सोनू कुमार यादव पिता खेलो यादव को गिरफ्तार किया है।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार वाहन चोर गिरोह के सदस्यों ने अपने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है,जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।गिरोह में भारत और नेपाल साइड के सदस्य शामिल हैं।भारतीय क्षेत्र से वाहनों की चोरी कर बाइक को नेपाल में खपाया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story