वाहन चेकिंग अभियान में वसूला जुर्माना, यातायात व्यवस्था सुदृढ बनाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
वाहन चेकिंग अभियान में वसूला जुर्माना, यातायात व्यवस्था सुदृढ बनाने पर जोर


बक्सर, 04 फ़रवरी (हि.स.)।

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी साहिला द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया गया है। यह अभियान जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों एवं सीमावर्ती इलाकों में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।

इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा “रोको-टोको” अभियान के तहत बक्सर शहर में हेलमेट एवं सीट बेल्ट की सघन जांच की गई। जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार एक फरवरी से तीन फरवरी तक चले इस अभियान में जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर कुल 119 वाहनों का पकड़ा गया। इन वाहनों से मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल तीन लाख इक्कीस हजार सात सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान बिना वैध कागजात, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग एवं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story