वीसी का मारवाड़ी कॉलेज में औचक निरीक्षण, लैब व लाइब्रेरी का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
वीसी का मारवाड़ी कॉलेज में औचक निरीक्षण, लैब व लाइब्रेरी का लिया जायजा


किशनगंज, 19 मार्च (हि.स.)। पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.) विवेकानन्द सिंह ने गुरुवार को मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय का गहन निरीक्षण करते हुए कॉलेज के विकास को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बिना पूर्व सूचना के दोपहर करीब ढाई बजे कुलपति अपने सरकारी वाहन से कॉलेज पहुंचे और सीधे प्राचार्य कक्ष में पहुंचकर प्राचार्य प्रो.(डॉ.) संजीव कुमार के साथ निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी एवं साइकोलॉजी प्रयोगशालाओं का एक-एक कर निरीक्षण किया तथा संबंधित शिक्षकों से उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कक्षाओं और प्रयोगशालाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा पुस्तकालय को नियमित रूप से खोलने का निर्देश दिया। साथ ही शैक्षणिक माहौल को सुदृढ़ करने के लिए सेमिनार एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों के आयोजन पर भी बल दिया। कुलपति ने विश्वविद्यालय परीक्षाओं के सफल संचालन के मद्देनजर कॉलेज में कक्षों की संख्या एवं बैठने की क्षमता बढ़ाने हेतु भवन के ऊपरी तल्ले के निर्माण का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने हरियाली से आच्छादित परिसर, खेल मैदान एवं पीछे स्थित पोखर सहित कॉलेज की उपलब्ध भूमि पर संतोष जताया। अंत में प्राचार्य प्रो.(डॉ.) संजीव कुमार ने कुलपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) सजल प्रसाद, आर.एम. कॉलेज सहरसा के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) गुलरेज रोशन रहमान सहित कॉलेज के सभी शिक्षक, अतिथि शिक्षक, शिक्षाकर्मी एवं छात्र संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story