नालंदा कॉलेज में कुलपति ने किया औचक निरीक्षण, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा कॉलेज में कुलपति ने किया औचक निरीक्षण, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा


नालंदा, बिहारशरीफ 25 जून (हि.स.)। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (पीपीयू) के कुलपति प्रोफेसर उपेंद्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार को नालंदा कॉलेज का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। इसलिए शिक्षकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना चाहिए।

कुलपति ने कहा कि किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान की गुणवत्ता उसके शिक्षकों की कार्यशैली और प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है। यदि शिक्षक समयबद्ध, उत्तरदायी और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित रहेंगे तो शिक्षा का स्तर स्वतः बेहतर होगा और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकेगा।निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कॉलेज के विभिन्न विभागों, कक्षाओं, कार्यालयों एवं शैक्षणिक संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं के संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रशासनिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कॉलेज परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक वातावरण की भी समीक्षा की।

प्रोफेसर उपेंद्र प्रसाद सिंह ने अधिकांश शिक्षकों की समय पर उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सकारात्मक संकेत है। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के क्रम में कुलपति ने कॉलेज प्रशासन को कई आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी महाविद्यालयों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story