सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न


सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न


सारण, 02 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की मंडल संसदीय समिति की एक बैठक आज वाराणसी में संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने की।

बैठक में मंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के सांसदों, उनके प्रतिनिधियों और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेल परियोजनाओं की समीक्षा करना, यात्री सुविधाओं में सुधार लाना तथा स्थानीय जनसमस्याओं का त्वरित समाधान खोजना था।

सांसद कार्यालय सारण द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इस बैठक में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, सांसद सीमा द्विवेदी, साधना सिंह और संगीता बिंद सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और मांगों को रेलवे प्रशासन के समक्ष उठाया। इसके साथ ही, प्रयागराज, मिर्जापुर, बलिया, मछलीशहर, लालगंज, सीवान, गोरखपुर, बांसगांव, कुशीनगर, आजमगढ़, भदोही, फूलपुर और देवरिया जैसे प्रमुख संसदीय क्षेत्रों के सांसदों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और प्रस्तावों को दर्ज कराया।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड को भेजे जाने वाले सभी विकास प्रस्ताव पूरी तरह से स्पष्ट मंतव्य, सटीक तकनीकी इनपुट और तथ्यात्मक विवरण के साथ भेजे जाएं ताकि उन्हें जल्द मंजूरी मिल सके। जनप्रतिनिधियों और रेलवे के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए एक फैसला लेते हुए उन्होंने हर सांसद के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया। यह नोडल अधिकारी क्षेत्रीय योजनाओं की प्रगति पर नजर रखेगा और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करेगा।

बैठक में समपार फाटकों, रोड अंडर ब्रिज और अंडरपास निर्माण की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सांसद रूडी ने निर्देश दिया कि मंडल के अंतर्गत बंद होने वाले फाटकों, प्रस्तावित अंडरपासों और विशेष रूप से बारिश के दिनों में जलजमाव से प्रभावित होने वाले अंडरपासों की एक विस्तृत सूची बनाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए एक ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जहां जरूरी हो वहां नए अंडरपास बनाए जाएं और पुराने अंडरपासों को आधुनिक तकनीक से जलजमाव मुक्त किया जाए।

यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर चर्चा करते हुए बैठक में महिला यात्रियों की सहूलियत के लिए ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सेनेटरी पैड की उपलब्धता को बेहद सरल और सुलभ बनाने का प्रस्ताव रखा गया।

इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए वाराणसी मंडल के सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना पर सहमति बनी। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के लिए नगर निगम, नगर परिषद, पंचायत और रेलवे अधिकारियों की एक संयुक्त समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया गया, ताकि जल निकासी, एप्रोच रोड, लाइटिंग और अन्य नागरिक समस्याओं का निपटारा समय पर हो सके। बैठक में सारण क्षेत्र से जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

सारन जिला अंतर्गत पटेढ़ी रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण तथा उत्तर एवं दक्षिण संपर्क पथों का विकास किया जाएगा। छपरा जंक्शन का समग्र पुनर्विकास किया जाएगा, जिसके तहत प्लेटफॉर्म संख्या 6, 7 और 8 पर लिफ्ट, रैम्प, फुट ओवरब्रिज का विस्तार और एक अत्याधुनिक एसी लाउंज बनाया जाएगा। छपरा कचहरी स्टेशन पर मौर्य एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस के पुनः ठहराव की मांग की गई।

इसके साथ ही कामायनी एक्सप्रेस और बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन का विस्तार छपरा तक करने तथा छपरा-सिवान-बलिया से पटना के लिए नई डीएमयू/मेमू रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। रेलवे भूमि के संरक्षण, पार्किंग व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, रिविलगंज मार्ग के पुनर्निर्माण और स्टेशन सलाहकार समिति के शीघ्र गठन पर भी विमर्श हुआ।

अंत में सांसद राजीव प्रताप रूडी अध्यक्ष मंडल संसदीय समिति ने कहा कि रेलवे का विकास और जनसुविधाओं का विस्तार तभी संभव है जब जनप्रतिनिधियों और रेलवे प्रशासन के बीच सतत और प्रभावी समन्वय हो। आज की बैठक में उठाए गए सभी जनहित के विषयों पर रेलवे प्रशासन शीघ्र और सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story