एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और देशभक्ति का दिया संदेश, गार्ड ऑफ ऑनर रहा आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और देशभक्ति का दिया संदेश, गार्ड ऑफ ऑनर रहा आकर्षण


बक्सर, 15 अगस्त (हि.स.)।

30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह और सैन्य अनुशासन के साथ मनाया गया।

समारोह की अध्यक्षता बटालियन के सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सूबेदार मेजर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सैन्यकर्मियों, पीआई स्टाफ, जीसीआई, सिविल स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रगान की धुन पर तिरंगे को सलामी दी।

इस दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने अपनी उत्कृष्ट ट्रेनिंग और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रस्तुत किया। कैडेट्स की सधी हुई परेड, कदमताल और शानदार शस्त्र संचालन ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर ने परेड का निरीक्षण किया और कैडेट्स के उच्च स्तरीय टर्न-आउट तथा अनुशासित प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर कैडेट्स के कठिन परिश्रम, अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे की प्रशंसा की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सूबेदार मेजर ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कैडेट्स को देश सेवा, समाज सुधार और एनसीसी के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह के समापन पर बटालियन के सैन्यकर्मियों, कैडेट्स एवं उपस्थित नागरिकों के बीच मिठाई का वितरण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story