जनता के बीच पहुंचे वाल्मीकिनगर विधायक, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
जनता के बीच पहुंचे वाल्मीकिनगर विधायक, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा


जनता के बीच पहुंचे वाल्मीकिनगर विधायक, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 14 सितम्बर(हि.स. )। वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र प्रसाद ने मधुबनी प्रखंड की तमकुहवा, बरवा, खोतहवा एवं दौनहा पंचायतों का भ्रमण कर क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।

विधायक ने पंचायतों में आम लोगों से सीधे बातचीत कर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं समेत क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल सदन तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान की दिशा में पहल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

भ्रमण के दौरान बरवा पंचायत के सरपंच के बाइक दुर्घटना में पैर फ्रैक्चर होने की जानकारी मिलने पर विधायक उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने सरपंच के स्वास्थ्य एवं चल रहे उपचार की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः अपने कार्यों में सक्रिय हों।

विधायक सुरेंद्र प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक पहल की जायेगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा, समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास ही उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र के विकास के लिए जनता के साथ मिलकर लगातार प्रयास जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story