जिला में 45 मिमी बारिश, अगले तीन दिनों में हल्के बादल के बीच मौसम शुष्क रहने का अनुमान

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बुधवार को 45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर के पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 10 अक्टूबर तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जबकि मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80-90 प्रतिशत और दोपहर में 60-80 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान अवधि में करीब 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है।

कृषि वैज्ञानिकों ने मौसम को देखते हुए किसानों को फसलों की विशेष निगरानी करने की सलाह दी है। दुग्धावस्था में पहुंच चुकी धान की फसल में गंधी कीट की निगरानी करने को कहा गया है। प्रकोप दिखाई देने पर फालीडोल 10 प्रतिशत धूल का 10-15 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से सुबह 8 बजे से पहले अथवा शाम 5 बजे के बाद बालियों पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।

वहीं, भिंडी की फसल में फल एवं प्ररोह बेधक कीट की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। प्रभावित कलियों को तोड़कर मिट्टी में दबाने की सलाह दी गई है। अधिक प्रकोप होने पर क्विनालफॉस 25 ईसी दवा का 2 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर, आसमान साफ रहने पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story