पटना उच्च न्यायालय के नवनियुक्त न्यायाधीश के रुप में वी. कामेश्वर राव ने ली शपथ

WhatsApp Channel Join Now
पटना उच्च न्यायालय के नवनियुक्त न्यायाधीश के रुप में वी. कामेश्वर राव ने ली शपथ


पटना, 13 सितंबर (हि.स.)। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने रविवार शाम लोकभवन में पटना उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के साथ ही न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव ने पटना उच्च न्यायालय के 49वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने छह अगस्त 2026 को हुई बैठक में दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की थी।

इससे पहले पटना उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर सिंह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव के पदभार ग्रहण करने के साथ पटना उच्च न्यायालय को नियमित मुख्य न्यायाधीश मिल गया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story