विशेष जनसमस्या समाधान शिविर सफल, कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
विशेष जनसमस्या समाधान शिविर सफल, कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण


बेतिया, 05 अगस्त (हि.स.)। नौतन प्रखंड क्षेत्र की शिवराजपुर पंचायत में बुधवार को सरकार की ओर से विशेष जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित शिविर का उद्घाटन एसडीएम विकास कुमार, बीडीओ गिरधारी लाल एवं मुखिया लालबाबू मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि जिन समस्याओं का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया। राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, पंचायत राज सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने आवेदन दिए और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान एसडीएम विकास कुमार ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। वहीं बीडीओ गिरधारी लाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान बिजली आपूर्ति एवं विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्रमुखता से उठीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) की कार्यशैली से वे लंबे समय से परेशान हैं। उनका कहना था कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिसके कारण कई बार लोगों और जेई के बीच नोकझोंक की स्थिति भी उत्पन्न हो चुकी है। ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार एवं शिकायतों के शीघ्र समाधान की मांग की।

कार्यक्रम में सीओ अलका कुमारी, बीईओ रियाज अहमद, विधायक प्रतिनिधि नीरज कुमार बबलू, पप्पू सिंह, चंद्रमा सिंह, पैक्स अध्यक्ष शैलेश कुमार यादव, मुन्ना साह, डीलर मुन्ना यादव, शिवकुमार यादव, डॉ. कासिम अंसारी, समन्वयक पूनम कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story