कटिहार में 200 बोरी अवैध यूरिया के साथ तस्कर गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
कटिहार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कुर्सेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध यूरिया उर्वरक की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर पर लदी 200 बोरी अवैध यूरिया बरामद करते हुए भागलपुर निवासी एक अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कुर्सेला थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि नवगछिया (भागलपुर)की ओर से एक ट्रैक्टर पर अवैध यूरिया उर्वरक लादकर पीडब्ल्यूडी मैदान के रास्ते कुर्सेला की ओर लाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने पीडब्ल्यूडी मैदान के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस बल को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन को तेजी से भगाने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान चमक लाल शर्मा, पिता छतरी शर्मा, साकिन ढोलबज्जा (वार्ड संख्या-08), थाना ढोलबज्जा, जिला भागलपुर के रूप में हुई।
ट्रैक्टर की विधिवत तलाशी लेने पर उससे कुल 200 बोरा अवैध यूरिया उर्वरक बरामद किया गया। पुलिस ने उर्वरक सहित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

