उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता: मारवाड़ी कॉलेज के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, मिला तृतीय स्थान

WhatsApp Channel Join Now
उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता: मारवाड़ी कॉलेज के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, मिला तृतीय स्थान


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उर्दू निदेशालय, पटना (बिहार सरकार) के तत्वावधान में जिला स्तर पर आयोजित उर्दू वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता में मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कॉलेज के उर्दू विभाग की द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हदीसा कौसर एवं चतुर्थ सेमेस्टर की तराना ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

वहीं, प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी के लिए मारिया को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से मारवाड़ी कॉलेज के उर्दू विभाग सहित पूरे कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। सफल छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए उर्दू विभागाध्यक्ष जनाब मोहम्मद शाहाबुद्दीन एवं मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर बधाई दी। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने कहा कि शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

उर्दू विभागाध्यक्ष मोहम्मद शाहाबुद्दीन ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, “आप इसी तरह मेहनत करते रहें, सफलता आपके कदम चूमेगी।” उन्होंने बताया कि मारवाड़ी कॉलेज का उर्दू विभाग विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयासरत है और पिछले वर्ष भी यहाँ के छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया था। इस दौरान सफल छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन और उर्दू विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इसी तरह की प्रतियोगिताओं में कड़ी मेहनत और लगन के साथ भाग लेकर मारवाड़ी कॉलेज का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story