नर्सिंग होम में हंगामा, महिला की मौत पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
नर्सिंग होम में हंगामा, महिला की मौत पर कार्रवाई की मांग


किशनगंज, 21 जुलाई (हि.स.)। शहर के पश्चिम पल्ली स्थित जेड. ए. नर्सिंग होम में एक वृद्ध महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए परिजनों को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार पोठिया प्रखंड के चेचुआबाड़ी निवासी मलिका खातून की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए जेड. ए. नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में महिला का समुचित इलाज नहीं किया गया। जब उनकी हालत गंभीर हो गई तो नर्सिंग होम से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजन नर्सिंग होम पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का यह भी आरोप है कि उक्त नर्सिंग होम का संचालन सदर अस्पताल के डीएस डॉ. अनवर हुसैन द्वारा किया जाता है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। हंगामे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस संबंध में नर्सिंग होम प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story