महिला आरक्षण पर बवाल, विजय सिन्हा बोले- देश की महिलाएं देंगी जवाब

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण पर बवाल, विजय सिन्हा बोले- देश की महिलाएं देंगी जवाब


महिला आरक्षण पर बवाल, विजय सिन्हा बोले- देश की महिलाएं देंगी जवाब


- सपा-कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके ने मातृशक्ति की आकांक्षाओं के साथ किया अन्याय

पटना, 17 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा में महिला आरक्षण को लेकर हुए घटनाक्रम पर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सदन में जो दृश्य देखने को मिला, वह लोकतंत्र और नारी सम्मान—दोनों के लिए चिंताजनक संकेत है।

विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले महत्वपूर्ण संविधान संशोधन विधेयक को कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी द्वारा पारित नहीं होने देना केवल राजनीतिक फैसला नहीं, बल्कि देश की मातृशक्ति की आकांक्षाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर पूरे देश को एकजुट होना चाहिए था, वहां कुछ दलों ने न सिर्फ विरोध किया बल्कि उसे उत्सव की तरह पेश किया, जो उनकी प्राथमिकताओं को उजागर करता है।

नारी सम्मान और राजनीतिक भागीदारी पर आघात

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित करना केवल एक अवसर छीनना नहीं, बल्कि उनके सम्मान और राजनीतिक भागीदारी पर सीधा आघात है। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसे अहम मुद्दों पर बाधा खड़ी की गई हो।

नारी शक्ति का सम्मान ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

सिन्हा ने भरोसा जताया कि देश की महिलाएं सब देख रही हैं और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और इसे कोई भी ताकत रोक नहीं सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश

Share this story