बिहार के भागलपुर में मरीज की मौत के बाद जमकर बवाल
भागलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में भागलपुर जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित लॉ कॉलेज के समीप एक निजी क्लीनिक में बुधवार को मरीज की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ।
परिजन ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। मृतक की पहचान भागलपुर के सरधो निवासी रितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।
परिजन का कहना है कि रितेश अपनी शारीरिक तकलीफ के बाद खुद चलकर इलाज के लिए डॉक्टर अभिषेक कुमार के पास आए थे। उनकी स्थिति ऐसी नहीं थी कि जान चली जाए। डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी, लेकिन ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत सुधरने के बजाय बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मौत हो गई। परिजन का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान या बाद में कोई बड़ी चूक हुई है।
आरोप है कि जब मरीज की स्थिति बिगड़ गई और परिजनों ने विरोध करना शुरू किया, तो डॉक्टर अभिषेक कुमार क्लीनिक छोड़कर फरार हो गए। परिजन के अनुसार, सुबह अस्पताल प्रशासन ने उन्हें मरीज को कहीं और ले जाने की सलाह दी, जबकि मरीज की मौत पहले ही हो चुकी थी।
मृतक के परिजन राज कुमार ने कहा कि मरीज पूरी तरह ठीक थे और खुद चलकर यहां आए थे। डॉक्टर की लापरवाही ने उनकी जान ले ली। जब हमने सवाल पूछा तो डॉक्टर भाग निकले। हमें सिर्फ और सिर्फ न्याय चाहिए। घटना के बाद तिलकामांझी थाना क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लॉ कॉलेज रोड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर परिजन को उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अब क्लीनिक के रिकॉर्ड्स और डॉक्टर की भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

